17.07.2016 ►Muni Tarun Sagar ►News

Published: 18.07.2016
Updated: 18.07.2016

News in Hindi

Source: © Facebook

UPDATE: आचार्यश्री के संघ स्वागत को शहर और सरकार ने बिछाए पलक पावड़े -आचार्यश्री आज शाम पहुंचेंगे भानपुर कल होगी अगवानी

जन-जन के संत आचार्य विद्यासागर जी महाराज के स्वागत के लिए भोपाल शहर और मध्यप्रदेश सरकार ने पलक-पावड़े बिछा दिए हैं। आचार्यश्री रविवार शाम को भोपाल शहर के नजदीक भानपुर पहुंच जाएंगे। कल सोमवार को सुबह 6 बजे नादरा बस स्टैण्ड से उनकी भव्य और ऐतिहासिक अगवानी होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कई मंत्री, सांसद, महापौर,विधायक, सभी सामाजिक संगठनों और शहरवासी मिलकर आचार्यश्री की श्रद्धा भक्ति के साथ अगवानी करेंगे। आचार्य श्री सुबह 9 बजे हबीबगंज जैन मंदिर पहुंचेंगे जहां प्रथम धर्मसभा होगी।

पिछले 6 माह से भोपाल जैन समाज को जिस घड़ी का इंतजार था वह आखिर आ ही गई। जैन से जन-जन के संत बने संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी महाराज जैसे-जैसे भोपाल शहर की ओर बढ़ रहे हैं लोगों का रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। आचार्यश्री के दर्शनों के लिए हजारों लोग विदिशा से भोपाल तक जैसे मानव श्रृंखला बनाकर खड़े हैं। शुक्रवार को बैरखेड़ी से बालमपुर तक लगभग 5 हजार लोग आचार्यश्री के साथ पदविहार करते दिखाई दिए। लगभग 10 किलोमीटर के रास्ते पर रंगोली सजी थी, द्वार सजे थे। केवल जैन ही नहीं गांव के आम लोग भी भारी संख्या में एकत्रित होकर आचार्य संघ के दर्शन कर रहे थे। गांव वालों ने भक्तिभाव से आचार्य संघ पर पुष्पवर्षा भी की है।

गौशाला पहुंचे आचार्यश्री:--

आचार्य विद्यासागर जी महाराज रविवार को सुबह बालमपुर से पदविहार करते हुए सूखी सेवनिया के पास आचार्य विद्यासागर गौशाला पहुंचे जहां उन्होंने भारी संख्या में गायों को देखकर प्रसन्नता जाहिर की। आचार्यश्री ने गौशाला में बनने वाले गोबर गैस से बिजली बनाने के प्लांट का भी अवलोकन किया। उन्होंने दोनों हाथ उठाकर गौशाला का संचालन करने वाले संचालकों और गायों की सेवा करने वाले मजदूरों को अपना आशीष दिया। खास बात यह थी कि आचार्यश्री ने गौशाला में ही संघ सहित आहार भी ग्रहण किए!

आज शाम पहुंचेंगे भानपुर:--

आचार्य विद्यासागर जी महाराज दोपहर 2 बजे गौशाला से भोपाल नगर की और कदम बढ़ाएंगे। वे लगभग 11 किलोमीटर पैदल चलकर शाम 5 बजे भानपुर जैन मंदिर पहुंचेंगे। हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आचार्यश्री का पदविहार कराएंगे। भोपाल जैन समाज के लगभग 10 हजार लोग भानपुर पर आचार्यश्री की अगवानी करेंगे। लगभग इतने ही लोग गौशाला से भानपुर तक आचार्यश्री के साथ पदविहार कर सकते हैं!

मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, महापौर, विधायक कल करेंगे अगवानी:--

आचार्यश्री के भोपाल पहुंचने पर उनकी अगवानी सुबह 6 बजे नादरा बस स्टैण्ड पर भोपाल के गणमान्य नागरिक और जन प्रतिनिधि करेंगे। यहीं से एक विशाल चल समारोह शुरू होगा। जो हमीदिया रोड,अल्पना तिराहा, जहांगीराबाद, पुलिस कंट्रोल रूम, अरेरा हिल्स, डीबी माल होते हुए सुबह 9 बजे हबीबगंज जैन मंदिर पहुंचेगा, जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसद, विधायकों, महापौर, पार्षदों के साथ आचार्यश्री के पाद प्रच्छालन और आरती कर उनकी अगवानी करेंगे। चातुर्मास आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक व प्रदेश के वित्त मंत्री जयंत मलैया, अध्यक्ष प्रमोद जैन हिमांशु, मुख्य संयोजक राजेश जैन कोयलेवाले, कार्य अध्यक्ष मनोज जैन एमके इंडिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र जैन वंदना, मुनि संघ सेवा समिति के अध्यक्ष मनोहर लाल टोंग्या, मीडिया प्रभारी रवीन्द्र जैन पत्रकार, नितिन नांदगांवकर ने सभी शहरवासियों से आचार्यश्री की अगवानी करने की अपील की है। साथ ही निवेदन किया है कि कल चल समारोह में पुरुष सफेद कुर्ता पजामा और महिलाएं केशरिया साड़ी पहनकर शामिल हों। आचार्यश्री की अगवानी में शामिल होने देशभर से हजारों की संख्या में भक्तगणों के कल भोपाल पहुंचने की संभावना है!

Categories

Click on categories below to activate or deactivate navigation filter.

  • Jaina Sanghas
    • Digambar
      • Muni Tarun Sagar
        • Share this page on:
          Page glossary
          Some texts contain  footnotes  and  glossary  entries. To distinguish between them, the links have different colors.
          1. आचार्य
          2. दर्शन
          Page statistics
          This page has been viewed 451 times.
          © 1997-2024 HereNow4U, Version 4.56
          Home
          About
          Contact us
          Disclaimer
          Social Networking

          HN4U Deutsche Version
          Today's Counter: