ShortNews in English
Jasol: 09.10.2012
37th Adhiveshan of All India Mahila Mandal started in presence of Acharya Mahashraman. 950 delegates from all over India are attending Adhiveshan.
News in Hindi
महिला शक्ति ने दी संस्कारों की सीख
जसोल ०९ अक्तूबर २०१२ जैन तेरापंथ न्यूज ब्योरो
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल का 37 वां वार्षिक अधिवेशन सोमवार को आचार्य महाश्रमण के सानिध्य में जसोल में आयोजित हुआ। अधिवेशन में देशभर से 950 महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सवेरे आचार्य महाश्रमण से वीतराग समवसरण में सृजन का पहला प्रसाद मंगल आशीर्वाद के रूप में ग्रहण कर सभी बहिनों ने कृतार्थ का अनुभव किया और सभी ने समवेत स्वरों से गुरुवंदना प्रस्तुत की।
अधिवेशन सृजन का विधिवत उद्घाटन महाश्रमणी साध्वी प्रमुखा के सानिध्य में प्रधान ट्रस्टी सुशीला पटावरी, अभातेमम अध्यक्ष श्रीमती सूरज बरडिय़ा, महामंत्री श्रीमती पुष्पा बैद व विशिष्ट पदाधिकारियों ने किया।
जसोल कन्या मंडल की कन्याओं में मधुर मंगलाचरण के द्वारा सृजन का गीत प्रस्तुत किया और जसोल महिला मंडल की बहिनों ने सभी आगत प्रतिनिधियों का गीत के द्वारा स्वागत किया।
अभातेमम की अध्यक्ष श्रीमती सूरज बरडिय़ा ने आह्वान किया कि हम अपनी भाग्य रेखा खुद लिखें, अपने बुलंद हौसलों को संतुलित करें। आधुनिकता का अर्थ समझे और चिंतन करें कि हम कितने टूटते परिवारों को जोड़ पाए। अपने श्रावक त्व को निखारें, अच्छी गृहिणी और मां बनें, कुशल कार्यकर्ता और संघ भक्त बनें। हमारा सृजन हमारी संस्था को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिला सके।
चीफ ट्रस्टी सुशीला पटावरी व महामंत्री श्रीमती पुष्पा बैद की ओर से हम पाए ज्योति की सीडी को महाश्रमणी जी को भेंट किया गया।
साध्वी कल्पलताजी ने कहा कि हर घर में सृजन का सूर्य कैसे उदित हो, इस विषय पर चिंतन करें।
महाश्रमणी साध्वी प्रमुख श्री ने केशरिया परिधान से सुसज्जित बहिनों को उद्बोधित करते हुए कहा कि सृजन चेतना जीवंतता को प्रतीक है और बहनों ने अपनी सृजन चेतना से निरंतर विकास किया है। उन्होंने सृजन के आधार को स्पष्ट करते हुए कहा कि सृजनशील व्यक्ति को संसाधनों की कमी नहीं अखरती- वह तो शून्य से भी सृजन कर सकता है। भीतर की शक्ति को उजागर कार्य में विशिष्टता हासिल करें व स्वयं के साथ दूसरों के विकास में भी सहयोगी बनें।
अधिवेशन के प्रायोजक श्रीमती सायर कोठारी, शशि नाहर, सुशीला नाहटा व कच्छारा परिवार के द्वारा अधिवेशन की किट महाश्रमणी जी को भेंट की गई। मंच का संचालन नीतू सालेचा ने किया।
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल का 37 वां वार्षिक अधिवेशन आयोजित