ShortNews in English
Jasol: 09.10.2012
Acharya Mahashraman said that simplicity is important for Sadhana.
News in Hindi
साधना के क्षेत्र में सरलता महत्वपूर्ण' आचार्य श्री
जसोल(बालोतरा) ०९ अक्तूबर २०१२ जैन तेरापंथ न्यूज ब्योरो
मनुष्य को सत्य बोलने की प्रेरणा देते हुए आचार्य महाश्रमण ने कहा कि मनुष्य में छिपाने की प्रवृत्ति होती है। वह गलत काम करके उसे छिपाता है। आदमी पाप करता है पर पापी नहीं कहलाना चाहता। उन्होंने कहा कि आदमी गुरु के सामने छिपाने का, बात को तोड़-मोड़ के प्रस्तुत करने का प्रयास नहीं करें। व्यक्ति निष्कपट भाव से प्रस्तुति दें। गुरु के सामने एक बालक की तरह अपनी बात कहनी चाहिए। व्यक्ति में सरलता होने पर उसमें सत्य विराजित होता है। सरलता के बिना सत्य की समीचीन साधना असंभव है। जिसका ह्रदय सरल होता है, उसका ह्रदय शुद्ध होता है तथा ह्रदय शुद्ध होने पर ही धर्म संभव है। आचार्य ने कहा कि माया अविश्वास में रहने का घर है। विश्वास बड़ी उपलब्धि होती है। व्यक्ति का विश्वास कम नहीं होना चाहिए। आचार्य ने सरलता के बारे में कहा कि साधना के क्षेत्र में सरलता का बहुत महत्व है। आत्मा की शुद्धि की दृष्टि से सरलता उपयोगी है। गृहस्थ जीवन में भी सरलता होना बड़ी संपदा होती है। मनुष्य अपनी कथनी-करनी की समानता का प्रयास करें। मनुष्य अपनी जुबान का महत्व बनाएं रखे। जुबान की अनुपालना करना बड़प्पन का लक्ष्य है। मंत्री मुनि सुमेरमल ने कहा कि धार्मिक व्यक्ति हर परिस्थिति को ज्ञान से भोगता है। वह अनुकूल-प्रतिकूल परिस्थितियों में अपने ज्ञान का प्रयोग करके सम्यक्त्व की साधना में लगा रहता है और मोक्ष को नजदीक कर लेता है। कार्यक्रम में वीरगंज से आए श्रावक संघ की ओर से अशोक बैद ने अर्ज मयी प्रस्तुति दी। महिला मंडल वीरगंज की ओर से गीतिका की प्रस्तुति दी गई।
अभातेमम का 37 वां वार्षिक अधिवेशन सृजन: अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के 37 वें वार्षिक अधिवेशन का शुभारंभ महातपस्वी आचार्य महाश्रमण के सानिध्य में हुआ। आचार्य महाश्रमण ने वंदे गुरुवरम-वंदे शासनम् गीत का संगान किया। राष्ट्रीय अध्यक्षता सूरज बरडिय़ा ने अधिवेशन के संदर्भ में अपने विचार रखते हुए स्वागत भाषण दिया। आचार्य ने सभी को मंगल पाथेय प्रदान किया। अधिवेशन की किट आचार्य को उपहृत की गई। यह अधिवेशन 3 दिन चलेगा और लगभग एक हजार संभागी महिला सदस्याओं को साध्वी प्रमुखा कनकप्रभा, मुख्य नियोजिका साध्वी विश्रुत विभा व अन्य साध्वियां प्रेरणादायी उद्बोधन प्रदान कराएंगे।